बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बालोतरा में रेल सेवाओं के विस्तार की मांग तेज, ओम प्रकाश बांठिया ने प्रधानमंत्री से किया अनुरोध

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

📍 बालोतरा/बाड़मेर (राजस्थान)

बालोतरा जन चेतना समिति के संयोजक ओम प्रकाश बांठिया ने भारत सरकार के सम्माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन पर बधाई देते हुए बाड़मेर-बालोतरा क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार की मांग की है।

बांठिया ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके कर-कमलों से पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन होना राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश के विकास, रोजगार और समृद्धि के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी।

उन्होंने बताया कि रिफाइनरी तक रेल सेवा विस्तार की योजना प्रगति पर है, लेकिन बाड़मेर-बालोतरा जिले की लंबे समय से लंबित अन्य रेल मांगों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। सीमावर्ती जिला होने के कारण बाड़मेर राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

क्षेत्र में जसोल का टेक्सटाइल उद्योग, नाकोड़ा तीर्थ धाम, रानी भटियानी मंदिर जसोल और आसोतरा ब्रह्मा मंदिर जैसे धार्मिक व ऐतिहासिक स्थल स्थित हैं, जहां हर माह हजारों श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और प्रवासी नागरिक गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु के विभिन्न शहरों में रोजगार और व्यापार से जुड़े हैं, जिनका नियमित आवागमन बना रहता है।

बांठिया ने यह भी उल्लेख किया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा करीब 7 वर्ष पूर्व बालोतरा-बाड़मेर से मुंबई के लिए नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की गई थी, जो अभी तक लागू नहीं हो पाई है। वर्तमान में केवल सप्ताह में दो दिन बांद्रा-बाड़मेर ट्रेन विशेष किराए पर संचालित हो रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि बाड़मेर से मुंबई और अहमदाबाद के लिए नियमित रेल सेवा शुरू की जाए तथा यशवंतपुर एक्सप्रेस का विस्तार सप्ताह में 2-3 दिन के लिए किया जाए।

अंत में बांठिया ने कहा कि बाड़मेर-बालोतरा जिले के निवासियों और प्रवासी नागरिकों की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द रेल सेवाओं का विस्तार किया जाना चाहिए, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिल सके।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button