उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: स्वच्छता, पोषण और पशुपालन योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापना पर जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 17 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति, पशु विभाग और जिला पोषण समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ब्लॉक की एक-एक ग्राम पंचायत में वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित करने के लिए ग्राम पंचायतों का चयन एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने बताया कि फीकल स्लज प्रबंधन के तहत प्रत्येक तहसील में एक एफएसटीपी (FSTP) का निर्माण प्रस्तावित है।
उन्होंने जानकारी दी कि “स्वच्छता से समृद्धि” अभियान के अंतर्गत चयनित 150 ग्राम पंचायतों में अब तक 86,223 रुपये का आय सृजन किया जा चुका है। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया गया कि भूमि चयन की प्रक्रिया मुख्य राजस्व अधिकारी के समन्वय से एक माह के भीतर पूरी कराई जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, कचरा संग्रहण व्यवस्था और वाहनों की कार्यशीलता की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान फिल्टर चेम्बर निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई। विकास खंड विक्रमजोत (31% कार्य लंबित), कुदरहा (20%) और बस्ती सदर (17%) की खराब स्थिति पर अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सुधार के निर्देश दिए गए।
पशु विभाग की समीक्षा में मुख्य विकास अधिकारी ने गर्मी से बचाव के लिए सभी गौशालाओं में पर्दे लगाने, ठंडा पानी, भूसा और हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और केयरटेकरों का मानदेय समय से भुगतान करने को कहा गया।
पोषण समिति की समीक्षा में सभी सीडीपीओ को बिलों का समय से भुगतान और डेटा रिपोर्टिंग में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। बैठक में पोषण ट्रैकर, विशेष मापन अभियान, अन्नपूरक आहार, पोषण पखवाड़ा, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और आंगनबाड़ी भवन निर्माण/कायाकल्प की भी गहन समीक्षा की गई।
जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 15,960 स्वच्छ शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 स्वच्छता साथियों को सम्मानित किया गया है और अगला सम्मान समारोह अगले माह आयोजित किया जाएगा।
बैठक में डीएफओ डॉ. शिरिन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी राजेश कुमार, बीएसए अनूप तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, एडीआईओएस उदय वर्मा, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता सहित सभी बीडीओ, सीडीपीओ और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel