उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, विभिन्न मामलों का होगा निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 17 अप्रैल 2026: जनपद बस्ती में आगामी 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट मुख्यालय तथा सभी तहसील मुख्यालयों पर एक साथ आयोजित होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राज बाबू ने बताया कि इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से निस्तारण करना है, ताकि लोगों को लंबित मुकदमों से राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कई प्रकार के मामलों को शामिल किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से आपराधिक शमनीय वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से जुड़े मामले, बैंक वसूली के मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम विवाद, पारिवारिक मामले, भूमि अधिग्रहण से जुड़े वाद, बिजली एवं जलकर विवाद, वेतन और सेवा संबंधी विवाद, पेंशन व सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े मामले, तथा राजस्व और अन्य सिविल वाद शामिल हैं।
इसके अलावा, ऐसे सभी मामलों को भी लोक अदालत में रखा जाएगा, जिनका समाधान सुलह-समझौते के आधार पर संभव है, जैसे किराया विवाद, आर्बिट्रेशन, हायर परचेज एग्रीमेंट से जुड़े मामले आदि।
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराएं और न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं तेज बनाने में सहयोग दें।
Subscribe to my channel
