बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा में महावीर इंटरनेशनल का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, नारी शक्ति व सेवा भावना को मिला सम्मान

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, राजस्थान। महावीर इंटरनेशनल बालोतरा द्वारा महावीर इंटरनेशनल एपेक्स के तत्वावधान में एक भव्य अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें विशेष सत्रों के साथ सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम शहर के राज रिजॉर्ट में संपन्न हुआ, जहां देश-विदेश से आए करीब 500 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त समाजसेवी रूमा देवी ने अपने संबोधन में नारी शक्ति को धैर्य, साहस और स्वावलंबन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना राष्ट्र निर्माण अधूरा है।
सम्मेलन में लोकप्रिय गायक पीयूष पवार ने कहा कि बालोतरा की जन्मभूमि और पारिवारिक संस्कारों ने उन्हें संगीत के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर रूमा देवी को “नारी शक्ति सम्मान”, पीयूष पवार को “सुर श्री सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं मधुर गायिका शैली जैन को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। नगर परिषद की पूर्व सभापति प्रभा किशोर सिंघवी को “भामाशाह सम्मान” से नवाजा गया।
सम्मेलन संयोजक ओम प्रकाश बांठिया ने बताया कि नाकोड़ा की पावन भूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन, महासचिव सोहनलाल वेद और कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जैन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान बालोतरा केंद्र के उत्कृष्ट योगदान के लिए मोहम्मद यूसुफ भांतगर, पारसमल भंडारी, ओमप्रकाश बांठिया को “सेवा सम्मान” तथा कैलाश गर्ग को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही सहयोग देने वाले दानदाताओं को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पीयूष पवार और शैली जैन की मधुर प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। वहीं मितू खान लंगा पार्टी ने राजस्थानी लोक संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। सम्मेलन के दूसरे दिन जसोल के लोक कलाकारों ने डांडिया गेर प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सम्मेलन के अंतर्गत नेतृत्व प्रशिक्षण, MIF सदस्यों का सम्मान और गवर्निंग काउंसिल की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही प्रतिभागियों के लिए नाकोड़ा तीर्थ के दर्शन और भ्रमण की विशेष व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में बालोतरा केंद्र द्वारा सभी प्रतिभागियों को उपहार भेंट किए गए। आयोजन की सफल व्यवस्था के लिए संयोजक मंडल सहित पूरी टीम—जवाहरलाल हुडिया, महावीर बोखड़िया, जवेरीलाल मेहता, धर्मेश चोपड़ा, दलपत जैन और महेंद्र चोपड़ा—की सभी ने सराहना की।

Subscribe to my channel


