उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों को चार-चार लाख की सहायता, प्रभारी मंत्री ने बांटे चेक

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 27 सितंबर 2026। जनपद में अतिवृष्टि एवं तेज आंधी-तूफान के कारण हुई जनहानि के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की कार्रवाई तेज कर दी है। कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए।
प्रभारी मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने नगर बाजार चौबाह पहुंचकर तेज आंधी-तूफान के दौरान टीन शेड गिरने से मृत मोती पुत्र खेंदू के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतक के निवास पर पहुंचकर परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
बताया गया कि मोती रात्रि में अपने टीन शेड में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के कारण टीन शेड गिर गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
इसी क्रम में ग्राम बलुआ निवासी प्रशान्त पुत्र घनश्याम की सर्पदंश से हुई मृत्यु पर प्रभारी मंत्री ने सर्किट हाउस पहुंचकर उनके परिजनों को भी चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने दोनों शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा
चेक वितरण के बाद प्रभारी मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने सर्किट हाउस सभागार में बाढ़, लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से उत्पन्न परिस्थितियों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिशासी अभियंता बाढ़ को निर्देश दिया कि जनपद की सभी बाढ़ चौकियां सक्रिय रहें और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश
विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधीक्षण अभियंता विद्युत से जनपद में बिजली आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अभी तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है, वहां अतिरिक्त मैनपावर लगाकर अधिकतम अगले दिन तक बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए।
क्षतिग्रस्त सड़कों और फसलों का सर्वे कराने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल सर्वे कराने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।
वहीं, उपनिदेशक कृषि को वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं एवं राहत का लाभ उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि अतिवृष्टि, आंधी-तूफान एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है।
ये अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, विधायक प्रतिनिधि फूलचन्द्र श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, उपनिदेशक कृषि अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ़ दिनेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत मोहम्मद खालिद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


