उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
भानपुर तहसील दिवस: 56 शिकायतें आईं, 5 का मौके पर निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 04 अप्रैल 2026 (सू.वि.)।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से भानपुर तहसील सभागार में तहसील दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने भी जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं।
तहसील दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिन्हें जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत लंबित न रखी जाए और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार के अनुसार, तहसील दिवस में कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी सुनवाई करते हुए पुलिस विभाग से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में डीएफओ डॉ. शिरीन, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीएसओ विमल शुक्ला, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, डीएचओ अरुण त्रिपाठी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


