अलवरधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
नवरात्रि पर बाबा मोहनराम की 136वीं परिक्रमा का भव्य आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
नवरात्रि के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद और बाबा मोहन राम जागृति मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आज 22 मार्च को बाबा मोहनराम की 136वीं परिक्रमा का भव्य एवं सुंदर आयोजन संजीवनी तपोवन में किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय पर्यावरण सदस्य श्री संजीव अग्रवाल ने नवरात्रि को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए सभी उपस्थित लोगों को एक महत्वपूर्ण संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में हम कलश पर पत्ते रखते हैं, लेकिन यह नहीं सोचते कि ये पत्ते कहां से आते हैं।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हम पेड़ों से पत्ते तो तोड़ लेते हैं, लेकिन नए पेड़ नहीं लगाते। यदि यही स्थिति रही, तो आने वाले समय में पत्तों की भी कमी हो सकती है। इस अवसर पर उन्होंने सभी से अपील की कि इस नवरात्रि हर व्यक्ति कम से कम दो पेड़ अवश्य लगाए, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे और भविष्य सुरक्षित हो।
इस अवसर पर संजीवनी वटवृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। भारत विकास परिषद के डॉ. मुकेश गोयल द्वारा कपड़े के थैलों का वितरण किया गया, जिससे प्लास्टिक मुक्त अभियान को भी बढ़ावा मिला। साथ ही परिक्रमा में शामिल जिन श्रद्धालुओं का जन्मदिन एवं शादी की वर्षगांठ थी, उन्हें विशेष रूप से शुभकामनाएं दी गईं।
परिक्रमा के दौरान प्रदीप भेदी, शिवकुमार अग्रवाल एवं अन्नपूर्णा भंडार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए चाय, पकौड़े और शिकंजी की सुंदर व्यवस्था की गई, जिसकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में बाबा मोहन राम जागृति मंडल के सचिव अर्जुन गुप्ता ने परिक्रमा में पधारे सभी भक्तजनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बलराम अग्रवाल, आशुतोष त्यागी, अतुल किशन शर्मा, विकास खटाना, रंजीत रस्तोगी, अनिल यादव, अभय कसवा, अजय श्रीवास्तव, अनुप श्रीवास्तव, साधना यादव, सोनम श्रीवास्तव, रीना यादव, रतन झा, कैलाश जोशी, मनीष राजपूत, कृष्णा, संतोष वर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


