बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बीकानेर में बे मौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग तेज

 

*बीकानेर से डॉ राम दयाल भाटी*

 

बीकानेर, 20 मार्च 2026। राजस्थान के बीकानेर जिले में अचानक आई तेज आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। जिले के नोखा, लूणकरनसर, कोलायत, खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में रबी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। इस आपदा के बाद किसानों के लिए मुआवजे की मांग तेज हो गई है।

जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) बीकानेर के जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों के लिए विशेष गिरदावरी करवाने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलें और कटाई के बाद खलिहानों में रखी फसलें लगभग 90 प्रतिशत तक खराब हो चुकी हैं।

बताया जा रहा है कि इसबगोल, गेहूं, जीरा और चना जैसी प्रमुख रबी फसलें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर फसलें कटाई के बाद खेतों में पड़ी थीं, जो बारिश के कारण पूरी तरह खराब हो गईं, जबकि खड़ी फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

किसानों का कहना है कि उन्होंने बैंकों, सहकारी समितियों और साहूकारों से कर्ज लेकर बीज, खाद, ट्रैक्टर और मजदूरी पर खर्च किया था। लेकिन अचानक आए इस प्राकृतिक संकट ने उनकी चार महीने की मेहनत को बर्बाद कर दिया है, जिससे वे गंभीर आर्थिक संकट में आ गए हैं।

बिशनाराम सियाग ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द विशेष गिरदावरी करवाई जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

स्थानीय किसानों ने भी प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और राहत पैकेज घोषित करने की अपील की है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button