बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बीकानेर में बंद महिला शौचालय को लेकर संगठनों का आक्रोश, 3 दिन में चालू न हुआ तो ताला तोड़ने की चेतावनी

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 17 फरवरी 2026।

स्थानीय पुलिस लाइन चौराहे पर नगर निगम द्वारा दो वर्ष पूर्व जन सुविधा के लिए बनाए गए महिला शौचालय के बंद होने से आमजन, खासकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में सामाजिक संगठनों ने नगर निगम बीकानेर को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, इस चौराहे पर निजी और रोडवेज बस स्टैंड, तिपहिया टैक्सी स्टैंड तथा यात्रियों के ठहरने के लिए यूआईटी विभाग द्वारा विश्राम स्थल बनाया गया है। इसी सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम ने यहां महिला और पुरुष शौचालय का निर्माण कराया था। आरोप है कि महिला शौचालय पर करीब दो साल से ताला लगा हुआ है, जबकि पुरुष शौचालय में लगे कमोड और नल सहित अन्य सामान असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक इस चौराहे से बड़ी संख्या में सरकारी और निजी स्कूलों-कॉलेजों की अध्यापिकाएं तथा अन्य महिलाएं बसों और निजी वाहनों से 40-60 किलोमीटर दूर ड्यूटी पर जाती हैं। ऐसे में शौचालय बंद रहने से उन्हें रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

सामाजिक संगठनों टीम सावधान इंडिया 077, नारी रक्षा ब्रिगेड इंडिया 077 और भगत सिंह युवा क्लब के कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध प्रदर्शन कर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई जन सुविधा का उपयोग नहीं हो रहा, जो गंभीर अनदेखी है।

संगठनों के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर महिला शौचालय को साफ-सफाई कर चालू नहीं किया गया और स्थायी सफाई कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की गई, तो वे स्वयं ताला तोड़कर शौचालय शुरू करेंगे।

स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर महिलाओं को राहत देने की मांग की है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button