देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
खाजूवाला में शहीद सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश सेन की 9वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
खाजूवाला।
सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 125वीं बटालियन के वीर सपूत शहीद सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश सेन की 9वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज खाजूवाला स्थित बीएसएफ परेड ग्राउंड में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में डिप्टी कमांडेंट उम्मेद सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी पंकज गढ़वाल, पुलिस उपाधीक्षक अमरजीत चावला, प्रधानाचार्या सरोज बिश्नोई, प्रदीप भांभू, पूर्व चेयरमैन अशोक फौजी, व्यापार मंडल अध्यक्ष मोहन सिहाग, काशीराम सारस्वत, रायसाहब डेलू, सीसीबी चेयरमैन अमित ज्याणी, दलीप जलंधरा, बलराज गेरा, जगदीश राव, नवलाराम सैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शहीद के पिता बजरंग लाल सेन, माता लक्ष्मी देवी एवं भाई रमेश कुमार सैन सहित परिवारजनों ने भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान बीएसएफ की टीम द्वारा अपने वीर साथी की स्मृति में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को नमन किया।
डिप्टी कमांडेंट उम्मेद सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत माता की रक्षा के लिए शहीद ओमप्रकाश सेन का योगदान युगों-युगों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में बीएसएफ के जवानों का त्याग और बलिदान अतुलनीय है।
उपखंड अधिकारी पंकज गढ़वाल ने कहा कि खाजूवाला की धरती के लिए यह गौरव की बात है कि यहां ऐसे वीर सपूत ने जन्म लिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीद ओमप्रकाश सेन के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा की भावना को अपनाएं। साथ ही उन्होंने शहीद के परिवार के साहस और त्याग को नमन करते हुए कहा कि छोटे से परिवार ने देश के लिए अपना वीर बेटा समर्पित किया, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदीप भांभू ने किया। श्रद्धांजलि सभा के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने शहीद की स्मृति को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel


