बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
घने कोहरे और कड़ाके की ठंड में भी नहीं रुका सेवा का संकल्प
टीम ‘आवर फॉर नेशन’ का साप्ताहिक स्वच्छता अभियान प्रेरणादायी बना

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 1 फरवरी 2026।
आज प्रातः बीकानेर शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ था। दृश्यता लगभग शून्य थी और कड़ाके की ठंड के कारण अधिकांश नागरिक अपने घरों में विश्राम कर रहे थे, लेकिन ऐसे प्रतिकूल मौसम में भी शहर के प्रति प्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से ओतप्रोत जागरूक नागरिकों का संकल्प कमजोर नहीं पड़ा। टीम ‘आवर फॉर नेशन’ के बैनर तले प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान परिसर में आयोजित साप्ताहिक स्वच्छता अभियान ने सेवा, समर्पण और सामाजिक चेतना का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया।
सुबह-सुबह श्रमदान में जुटे स्वयंसेवकों का उत्साह यह दर्शा रहा था कि जब उद्देश्य जनहित का हो, तो मौसम और परिस्थितियाँ बाधा नहीं बन सकतीं। स्वच्छता अभियान के दौरान परिसर की साफ-सफाई के साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान के अधिकारी श्री नितिन गोयल स्वयं श्रमदान में सहभागी बने और टीम के कार्यों की सराहना करते हुए सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उनकी सक्रिय भागीदारी ने अभियान को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
अभियान की एक विशेष और उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि पूर्व डीआरएम श्री अनिल दूबे, जो वर्तमान में कोलकाता में कार्यरत हैं, अपनी पत्नी श्रीमती मीरा दूबे के साथ विशेष रूप से बीकानेर आकर इस स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। श्री दूबे का बीकानेर से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है और अपने कार्यकाल के दौरान वे नियमित रूप से सामाजिक एवं स्वच्छता अभियानों में भाग लेते रहे हैं। वर्तमान में कोलकाता में रहते हुए भी उनका बीकानेर से लगाव बना हुआ है। उन्होंने इस अवसर पर टीम के लिए कोलकाता से विशेष मिठाई भी साथ लाई, जिससे सभी स्वयंसेवकों में उत्साह और अपनत्व का भाव देखने को मिला।
स्वच्छता अभियान के पश्चात प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस पहल के माध्यम से टीम ‘आवर फॉर नेशन’ ने स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी सशक्त संदेश समाज तक पहुँचाया। उपस्थित नागरिकों ने पौधों की देखरेख और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इसी क्रम में टीम ‘आवर फॉर नेशन’ की एक अन्य पहल के अंतर्गत ईशान शर्मा के नेतृत्व में बीकानेर रन क्लब के बैनर तले साप्ताहिक रन का आयोजन किया गया। इस रन में लगभग 30 युवाओं ने सहभागिता की और नियमित व्यायाम व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। युवाओं की यह सक्रिय भागीदारी समाज में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है।
आज के स्वच्छता अभियान में सीए वसीम, बसंत, इन्द्र सिंह (एजीएम, बीएसएनएल), डॉ. विशाल मलिक, डॉ. फारूक, रामहंस मीणा, मानक व्यास, श्री अनिल दूबे (पूर्व डीआरएम), सुशील यादव, गुरमोहन सेठी, श्री नितिन गोयल (अधिकारी), गजेंद्र सरीन, श्रीमती मीरा दूबे, दीपा सिंह, कपिला शर्मा, श्री भूपेंद्र खत्री (एसडीई) एवं घनश्याम स्वामी सहित अनेक जागरूक नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
टीम ‘आवर फॉर नेशन’ का यह निरंतर प्रयास यह सिद्ध करता है कि यदि नागरिक सामूहिक रूप से संकल्प लें, तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी बड़े सामाजिक परिवर्तन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।
स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक बीकानेर के निर्माण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और आने वाले समय में और अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
Subscribe to my channel


