जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
पुंछ में मिला जंग लगा मोर्टार शेल, सेना ने नियंत्रित विस्फोट कर किया नष्ट

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
पुंछ, जम्मू-कश्मीर | 28 जनवरी 2026
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) से सटे एक गांव में बुधवार को एक जंग लगा हुआ मोर्टार शेल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह मोर्टार शेल काफी पुराना बताया जा रहा है, जो पिछले साल मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस क्षेत्र में आकर गिरा था।
ग्रामीणों ने जब खेत के पास इस संदिग्ध वस्तु को देखा तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय सेना यूनिट और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और सुरक्षा मानकों के अनुसार पूरे इलाके को घेराबंदी कर खाली कराया गया।
इसके बाद मोर्टार शेल को सुरक्षित तरीके से एक निर्धारित स्थान पर ले जाकर नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। प्रशासन की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी कोई संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु दिखे तो उसे छुएं नहीं और तुरंत पुलिस या सेना को सूचना दें।

Subscribe to my channel


