अपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी पुलिस का नशे पर निर्णायक प्रहार: 463 किलो अवैध मादक पदार्थ नष्ट, तस्करों को कड़ा संदेश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी।

भिवाड़ी पुलिस ने नशा मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करते हुए अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस द्वारा पूर्व में जब्त किए गए 463 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का 15 जनवरी 2026 को विधिवत नष्टीकरण कर यह स्पष्ट कर दिया गया कि जिले में नशे के कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है।

यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों से संबंधित जब्त सामग्री पर सक्षम न्यायालय के आदेशानुसार की गई। जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की देखरेख में अलवर जिले के M/s Hoswin Incinerator में वैधानिक प्रक्रिया के अनुसार नष्टीकरण कराया गया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में वजन सत्यापन, अभिलेखीय जांच तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही।

पुलिस अधीक्षक श्री प्रशान्त किरण (आईपीएस) के आदेशानुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अतुल साहू एवं वृत्ताधिकारी श्री शिवराज सिंह के प्रत्यक्ष सुपरविजन में संपन्न हुई। नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और सुरक्षित तरीके से पूरी की गई।

भिवाड़ी पुलिस ने दो टूक शब्दों में कहा है कि “समाज को नशा मुक्त बनाना पुलिस का मुख्य ध्येय है” और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री व सेवन में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि भिवाड़ी को सुरक्षित, स्वस्थ और नशा मुक्त समाज की ओर आगे बढ़ाया जा सके।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button