गुलाबी नगरी वाले तेज तर्रार भगवा विधायक की कांग्रेसी डोटासरा ने ऐसी रील बनाई कि अब उन्हे मीडिया में सफाई देनी पड़ रही है। इधर,मौके का फायदा उठाने में माहिर डोटासरा इस रील को खूब वायरल कर सियासी हल्कों में खूब सुर्खिया बटोर रहे है। विधानसभा गलियारों में बनी इस बहुचर्चित रील में काले शीशों की लक्जरी गाड़ी में सवार भगवा जी को कांग्रेसी डोटासरा बिदांस अंदाज में कानूनी पाठ पढ़ाते नजर आ रहे है, वहीं भगवा जी डिफेंस मोड में दिख रहे है। इस एपिसोड के बाद भगवा जी काले शीशे की गाड़ी देखते ही बिदकने लगे है,मगर फिलहाल सब खैरियत है।
———————
*विधायकजी ने दिखाया जोशीला अंदाज*
कार्यक्रमों में अक्सर लेट पहुंचने के कारण सुर्खियों में रहने वाले हमारे नगर विधायकजी इस बार केमिल फेस्टिवल के शुभारंभ कार्यक्रम में ना सिर्फ राइट टाइम पर पहुंचे बल्कि उनका जोशीला अंदाज भी देखने को मिला,जिसका वीडियों सोशल मीडिया पर सामने आया है। दरअसल,कैमल फेस्टिवल शुभारंम कार्यक्रम में केन्द्रीय कानून मंत्री के साथ अतिथि के तौर पर फिता काटने की रस्म के दौरान जब मौके पर कैंची नहीं मिली तो विधायकजी ने अपना जोशीला अंदाज दिखा हुए फिते को उखाड़ दिया। विधायकजी का यह अंदाज देखकर केन्द्रीय मंत्री और कलक्टर साहिबा के साथ मौके पर मौजूद अतिथि भी अपनी हंसी नहीं रोक पाये। इसे लेकर अब सियासी हल्कों में चर्चा है कि विधायकजी ने फीता उखाड़ कर अपना जोश दिखाया था या कुर्सी वाले किस्से का आक्रोश! मगर फिलहाल सब खैरियत है।
—————-
*केन्द्रीय मंत्रीजी का क्रेज !*
बीकानेर में हमारे केेन्द्रीय कानून मंत्री का क्रेज इस कदर परवान पर है कि,बस पूछो मत! इसके चलते बीते शुक्रवार को मंत्रीजी के बीकानेर आगमन पर उद्योग व्यापार मंडली मुखिया ने अपने ट्रेड फेयर एक्सपों में उनका पगफेरा कराने के लिये चारों तरफ घोडे दौड़ा दिये। हालांकि,मंडली मुखिया दिल्ली जाकर मंत्रीजी को एक्सपों में शामिल होने का न्यौता देकर आए थे। लेकिन बीकानेर आगमन पर मंत्रीजी दिनभर के कार्यक्रमों में इस कदर व्यस्त रहे कि उन्हे एक्सपों की तरफ जाने का मौका ही नहीं। इससे मंडली मुखिया की धडक़ने बढ़ गई। क्योंकि मंत्रीजी का एक्सपो में पगफेरा कराना उसकी प्रतिष्ठा का सवाल था। दिनभर की दौड़धूप के बाद आखिरकार,मंडली मुखिया के प्रयास सफल हो गये। चंद मिनटों के लिये सही रात गहराने के बाद मंत्रीजी का एक्सपों में पगफेरा हो गया। इसलिये फिलहाल सब खैरियत है।
————————
*केमिल फेस्टिवल के दिलचस्प नजारें !*
हमारे बीकानेर के केमिल फेस्टिवल में कई ऐसे सीन नजर आये जिन्हे देखकर देशी-विदेशी पावणे भी दंग रहे गये। पहला सीन तो फेस्टिवल के शुभारंभ में नजर आया जब आवारा कुते आयोजन स्थल पर चहल-कदमी करते दिखे। हालांकि बिंदास अंदाज में घुमते इन आवारा कुत्तों ने अपनी कोई परफोर्मेस नहीं दिखाई,लेकिन इनके अंदाज को देखकर लग रहा था दिग्गज कोर्ट में सुनवाई के बाद इनके हौंसले बुलन्द है। वहीं सजीले अंदाज में निकली हैरिटेज वॉक के काफिलें में कई बाल भिखारी भी शामिल हो गये,जिनका उत्साह देखने लायक था। फेस्टिवल की मिस्टर बीकाण और मिस मरवण प्रतियोगिता आयोजन का विशाल पंडाल खाली नजर आया,पंडाल की खाली कुर्सियां देखकर आयोजक बगले झांकते नजर आए। वैसे दिलचस्प नजारों की फेहरिश्त लंबी है,लेकिन आयोजकों की नाकामी के कारण हमारे केमिल फेस्टिवल की प्रतिष्ठा आहत करना ठीक नहीं,इसलिये फिलहाल सब खैरियत है।