उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापारशिक्षा
बस्ती में सात दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 08 दिसंबर 2025:
सू.वि. कृषि विज्ञान केंद्र एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के मार्गदर्शन में आर्या (Attracting and Retaining Youth in Agriculture) परियोजना के अंतर्गत “बकरी पालन” विषय पर आयोजित सात दिवसीय रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 01 से 07 दिसंबर 2025 तक आयोजित हुआ, जिसमें जनपद के 25 चयनित ग्रामीण युवाओं एवं कृषक भाइयों-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन अवसर पर प्रभारी अधिकारी डॉ. पी. के. मिश्रा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरी पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं को वैज्ञानिक तकनीकों का पालन करते हुए उन्नत एवं व्यावसायिक बकरी पालन की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा दी।
केंद्र के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर ने बताया कि बकरी को ‘गरीबों की गाय’ कहा जाता है। यह दूध, मांस, खाद और बच्चों के उत्पादन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करती है। यदि युवा इसे उद्यम के रूप में अपनाते हैं, तो इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार सृजित किया जा सकता है।
केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. वी. बी. सिंह ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती, युवाओं को कृषि आधारित उद्यमों की ओर आकर्षित करने हेतु इस प्रकार के कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा। गृह विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. अंजलि वर्मा ने प्रशिक्षण में बकरियों की पहचान, टीकाकरण, डीवॉर्मिंग, संतुलित आहार तैयार करने तथा वैज्ञानिक ढंग से रख-रखाव की तकनीकें प्रदर्शित कीं।
शस्य वैज्ञानिक हरिओम मिश्रा ने प्रशिक्षनार्थियों को उन्नत नस्लों (जैसे जमुनापारी, बरबरी, सिरोही, बीटल आदि) का चयन, शेड निर्माण के वैज्ञानिक मानक, वेंटिलेशन, फर्श डिज़ाइन और सफाई के महत्व पर भी मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण के समापन सत्र में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। प्रशिक्षार्थियों ने इसे अत्यंत उपयोगी, व्यावहारिक एवं रोजगारपरक बताया और कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण उनके आजीविका विकल्पों में नए द्वार खोलते हैं।

Subscribe to my channel


