उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
हर्रैया तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 63 शिकायतों में 9 का मौके पर निस्तारण
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश, लंबित शिकायतों पर स्थलीय निरीक्षण करने को कहा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 07 नवम्बर 2026। जनपद बस्ती की हर्रैया तहसील सभागार में शनिवार को तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी फरियादी अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचता है। ऐसे में जनता की समस्याओं का समाधान करना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका है, संबंधित विभाग के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके साथ सहज एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए शिकायतों का उचित समाधान करें।
उप जिलाधिकारी प्रद्युम्न कुमार ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 63 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 09 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 26, पुलिस विभाग की 09, विद्युत विभाग की 04, विकास विभाग की 08 तथा आपूर्ति विभाग की 16 शिकायतें शामिल रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक (पीडी) आनंद कुमार गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी अरुण त्रिपाठी, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


