जयपुरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
अशोक गहलोत अब सीएम भजनलाल शर्मा पर मानहानि का मुकदमा नहीं करेंगे, कहा- फैसला जनता पर छोड़ा, मेरा अपमान हुआ तो भी सम्मान की उम्मीद थी

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
*जयपुर।* राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा नहीं करने का फैसला किया है। गहलोत ने कहा कि सीएम शर्मा का बयान मानहानि कारक है, लेकिन अब वे अपने अपमान का फैसला प्रदेश की जनता पर छोड़ते हैं।
दरअसल गत 3 नवंबर को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर उनके परिवार के सदस्यों को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। ये आरोप खाद-बीज के कारोबार से जुड़े थे। तब गहलोत ने सीएम शर्मा को 24 घंटे में माफी मांगने के लिए कहा था और माफी न मांगने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। लेकिन अब पूर्व सीएम गहलोत मौजूदा सीएम के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के मूड में नहीं हैं।
6 नवंबर को गहलोत ने कहा कि मैं 6 बार का विधायक, तीन बार केंद्रीय मंत्री, तीन बार मुख्यमंत्री रहा, इस नाते भजनलाल शर्मा को मेरा थोड़ा तो सम्मान करना चाहिए था। लेकिन शर्मा ने जो आरोप लगाए उससे मैं बेहद आहत हूं।
*राहुल गांधी के दीपावली स्नेह मिलन में जुटे वरिष्ठ नेता*
6 नवंबर को ही कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर दीपावली स्नेह मिलन का आयोजन किया। इस समारोह में देशभर के वरिष्ठ कांग्रेसियों को आमंत्रित किया गया। इस स्नेह मिलन में राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बताया जा रहा है कि गहलोत, हुड्डा और दिग्विजय सिंह जैसे नेता अपने-अपने राज्यों में अपने वजूद के लिए संघर्ष कर रहे हैं और इस स्नेह मिलन में उनकी मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।
Subscribe to my channel


