जोधपुरधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जोधपुर: श्री नवकार जैन सोसाइटी ने सिवांची गेट गौशाला में किया जीवदया सेवा कार्यक्रम, गौवंश को कराया पौष्टिक आहार

नवकार महामंत्र की धुन और गौमाता के जयकारों से गूंजी गौशाला, सेवाभावी परिवारों ने लिया पुण्यार्जन का लाभ

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

जोधपुर, 19 अक्टूबर 2026। श्री नवकार जैन सोसाइटी पाल रोड के तत्वावधान में सिवांची गेट गौशाला, केरू फाटा में गौवंश जीवदया सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सेवाभावी लाभार्थी परिवारों एवं संस्था सदस्यों ने गौमाता को स्वास्थ्यवर्धक हरी घास और पौष्टिक आहार खिलाकर जीवदया सेवा का अनुपम लाभ लिया। कार्यक्रम के दौरान नवकार महामंत्र की स्वर लहरियों और गौमाता के जयकारों से पूरा गौशाला परिसर भक्तिमय हो गया।

सेवा ही संकल्प के उद्देश्य से किया आयोजन

सोसाइटी के प्रवक्ता धनराज विनायकिया ने बताया कि श्री नवकार जैन सोसाइटी पाल रोड निस्वार्थ भाव से सामाजिक सरोकार एवं जीवदया के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा सेवाभावी भामाशाहों के सहयोग से निरंतर जीवदया के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में ‘सेवा ही संकल्प’ के उद्देश्य को लेकर सिवांची गेट गौशाला, केरू फाटा में गौवंश को पौष्टिक हरा चारा खिलाया गया। इस पुण्य कार्य में सहयोग करने वाले लाभार्थी परिवारों की गौशाला परिवार द्वारा अनुमोदना की गई।

नवकार महामंत्र और गौमाता के जयकारों के बीच हुई सेवा

समिति सचिव महेंद्र मेहता विनायकिया ने बताया कि कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष गोपालचंद भंडारी, गौतमचंद सिंघवी, अमरचंद लोढ़ा, राजशेखर भंडारी, मुकेश जैन, जितेंद्र वैद मेहता, मुकेश लोढ़ा, स्वास्तिक लोढ़ा, मोती सिंह, पिंटू सुथार, हरीश, गोकुल साड़ी, एस.सी. भंडारी, महेश, ललित जैन, पाली विकास जैन सहित अनेक संस्था सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जीवदया सेवा का लाभ लिया।

इस दौरान गौशाला सचिव एवं अन्य सदस्यों ने सभी सेवाभावी सदस्यों का स्वागत करते हुए श्री नवकार जैन सोसाइटी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्था के जीवदया कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा गतिविधियां जारी रखने की मंगलकामना की।

विश्व शांति के लिए नवकार महामंत्र जाप का संकल्प

संस्था अध्यक्ष गोपालचंद भंडारी एवं प्रवक्ता धनराज विनायकिया ने जीवदया के इस सराहनीय कार्य में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों, लाभार्थी परिवारों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहभागिता निभाने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि सोसाइटी द्वारा विश्व शांति के उद्देश्य से नवकार महामंत्र जाप का अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही जीवदया के कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

संस्था ने सभी धर्मानुरागी परिवारों से आह्वान किया कि वे गौसेवा एवं जीवदया जैसे पुण्य कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाज में सेवा, करुणा एवं परोपकार की भावना को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button