खैरथल- तिजाराधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
श्रीराम-केवट संवाद ने मोहा मन, दशरथ मरण की लीला ने किया भावुक
तिजारा रामलीला में सजीव अभिनय, मधुर रामायण वाचन और ब्रज के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
तिजारा। सार्वजनिक श्रीरामलीला कमेटी तिजारा की ओर से रामलीला मैदान के रंगमंच पर चल रहे रामलीला मंचन में श्रीराम-केवट संवाद और दशरथ मरण की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम के वनगमन और केवट के साथ संवाद के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया, वहीं दशरथ मरण की लीला ने वातावरण को भावुक बना दिया। लीला में वनवास के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के गंगा तट पर पहुंचने तथा केवट द्वारा प्रभु को गंगा पार उतारने के प्रसंग का सजीव चित्रण किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से श्रद्धा, भक्ति और समर्पण की भावना को प्रस्तुत किया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। हरिओम सैनी और कैलाश सैनी के निर्देशन में आदर्श अभिनय समाज तिजारा के कलाकारों ने विभिन्न भूमिकाओं में प्रभावशाली अभिनय किया। श्रीराम की भूमिका में राहुल सैनी, केवट की भूमिका में इंदर सिंह दहिया व डॉ. ठाकुर पालीवाल, लक्ष्मण के रूप में योगेश सोनी, सीता के रूप में चिराग सैनी, निषादराज के रूप में जसवंत सैनी, दशरथ के रूप में पुरुषोत्तम गजमोती, भरत के रूप में सूरज सैन, शत्रुघ्न के रूप में वंश सैनी, सुमंत के रूप में उग्रसेन, भारद्वाज के रूप में लक्की माथुर और वाल्मीकि की भूमिका में सुरेश कुमार ने अभिनय किया। रामलीला में सुप्रसिद्ध भजन गायक पंडित टेकचंद शर्मा के मधुर स्वर में रामायण वाचन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वहीं, एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित डिजिटल दृश्यों ने मंचन को और प्रभावशाली बनाया। ब्रज के लोक कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। धार्मिक प्रसंगों, सजीव अभिनय, मधुर रामायण वाचन और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने रामलीला के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट विवेक शर्मा, बने सिंह विधूड़ी, पार्षद कमल गुर्जर, रविंद्र जाटव, एडवोकेट वीरेंद्र सैनी, अनिल दहिया, अवनीश सैनी और सुधीर लखेरा सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं।

Subscribe to my channel


