बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
असर सर्वेक्षण 2026 के लिए डीएलएड प्रशिक्षणार्थियों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन।

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन जयपुर के तत्वावधान में असर (डाइट) सर्वेक्षण 2026 के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जैसलमेर में अध्ययनरत डीएलएड प्रशिक्षणार्थियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन बुधवार को हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन 14 से 16 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को सर्वेक्षण की प्रक्रिया, विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के शैक्षिक स्तर का आकलन तथा सर्वेक्षण से संबंधित प्रपत्रों एवं उपकरणों के उपयोग की जानकारी देना है। प्रशिक्षण प्रभारी हरलाल जी गोरसिया ने बताया कि 14 एवं 16 अक्टूबर 2026 को जैसलमेर जिले के चयनित गांवों में असर सर्वेक्षण किया जाएगा।
सर्वेक्षण के दौरान 3 से 16 आयु वर्ग के बच्चों की विद्यालयी शिक्षा तथा 5 से 16 आयु वर्ग के बच्चों के बुनियादी भाषा एवं गणितीय कौशल की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही 14 से 16 आयु वर्ग के बच्चों की डिजिटल साक्षरता का भी मूल्यांकन किया जाएगा। सर्वेक्षण के माध्यम से बच्चों की वर्तमान शैक्षिक स्थिति की वास्तविक जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता एवं बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिलेगी। प्रशिक्षण के दौरान प्राचार्य श्री चैनाराम जी, हरलाल गोरसिया व्याख्याता एवं श्री पवन जी खत्री ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने सर्वेक्षण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त आंकड़ों की विश्वसनीयता एवं गुणवत्ता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षणार्थियों को गांवों में सर्वेक्षण के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों से सहज एवं सकारात्मक संवाद स्थापित करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सूचनाओं का संकलन करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन जयपुर के मास्टर ट्रेनर अल्लाबक्श एवं मदीना बानौ ने प्रशिक्षणार्थियों को असर सर्वेक्षण की विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सर्वेक्षण में प्रयुक्त उपकरणों के उपयोग, बच्चों के भाषा एवं गणितीय कौशल के आकलन, विद्यालयी स्थिति से संबंधित जानकारी के संकलन तथा डिजिटल साक्षरता के मूल्यांकन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न परिस्थितियों में सर्वेक्षण किस प्रकार किया जाए, इसकी भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में डीएलएड प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के उपरांत प्रशिक्षणार्थी जिले के चयनित गांवों में पहुंचकर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार असर सर्वेक्षण का कार्य संपादित करेंगे।

Subscribe to my channel


