बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बाल अधिकारों की रक्षा और बाल श्रम रोकथाम को लेकर जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने बाल अधिकारिता विभाग की बैठक में की विभागीय योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 17 सितंबर। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बाल अधिकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय प्रगति एवं बाल संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में जिला कलेक्टर ने जिले में संचालित पालना गृह, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 व बाल अधिकारों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने पर जोर दिया। साथ ही श्रम विभाग तथा मानव तस्करी एवं विरोधी प्रकोष्ठ को बालश्रम एवं बाल भिक्षावृत्ति की प्रभावी रोकथाम के लिए टास्क फोर्स गठित कर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता एवं त्वरितता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाल सुधार गृहों की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पलायन जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उद्योगों एवं बच्चों से जुड़े कार्यक्रमों में श्रम विभाग द्वारा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि उद्यमियों एवं बच्चों को बालश्रम के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जा सके। श्रम विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का बालश्रम नहीं करवाया जाए।
इससे पूर्व बैठक में बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक श्री अरुण सिंह शेखावत ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही ही विभाग के अंतर्गत संचालित भवनों के मरम्मत कार्य से संबंधित जानकारी दी। जिला कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को त्वरित गति से भवन मरम्मत कार्य करवाने के लिए भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अधीक्षक बाल सुधार गृह श्रीमती भूमिका शर्मा व श्री राम नारायण बिश्नोई, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड श्री अरविंद सिंह सैंगर व श्रीमती किरण गौड़ एवं बाल कल्याण समिति के श्री जन्मेज व्यास, श्रीमती हाजरा बानो, मानव तस्करी एवं विरोधी प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती विशु वर्मा, एएसआई श्री शिशुपाल, डिप्टी लेबर इंस्पेक्टर श्री राजेश यादव, शिक्षा विभाग की सहायक निदेशक श्रीमती अनीता बिश्नोई सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


