उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में स्वतंत्रता दिवस पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और ‘तिरंगा कॉन्सर्ट’ का आयोजन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर बहुउद्देशीय हॉल, राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं ‘तिरंगा कॉन्सर्ट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी तथा उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद देशभक्ति गीतों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं जीआरएस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि दानिश आजाद अंसारी ने अपने संबोधन में युवाओं से एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने छात्र-छात्राओं से समाज की बुराइयों से दूर रहने तथा अपने भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने स्वतंत्रता संग्राम में छात्रों के योगदान को याद करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, ब्लॉक प्रमुख रामनगर यशकांत सिंह, मोहम्मद आलम चौधरी, भाजपा उपाध्यक्ष भानु प्रताप मिश्रा, अखंड प्रताप सिंह, अमित वर्मा, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पर्यटन अधिकारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की शिक्षिका श्रीमती मानवी सिंह ने किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

Subscribe to my channel


