उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बस्ती जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, इमरजेंसी में एसी और रिक्त पद भरने के दिए निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 8 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को बस्ती जनपद के भ्रमण के दौरान स्टेशन रोड स्थित होटल बालाजी प्रकाश में अमर उजाला द्वारा आयोजित “आभार समर्पण एवं चिकित्सक सम्मान समारोह” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने जनपद के चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया और उनके सेवा भाव एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
समारोह के बाद उपमुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान ड्रेसिंग रूम, इमरजेंसी ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड में एसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को अस्पताल में बेहतर और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। इसके साथ ही अस्पताल में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, परिसर की रंगाई-पुताई तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
रिक्त चिकित्सकीय पद जल्द भरने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि रिक्त चिकित्सकीय पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में पर्याप्त संख्या में बेंच लगवाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों से उपचार, दवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी मरीज या तीमारदार को अनावश्यक परेशानी न हो।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों से सेवा भाव, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समयबद्ध और सुगमता से मिलना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी राजेश यादव, एसआईसी डॉ. अनिल कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


