उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, अमहट घाट का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 7 अगस्त 2026। आगामी पवित्र श्रावण मेले एवं कांवड़ यात्रा को लेकर बस्ती जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम ने कुआनो नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक अमहट घाट का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित पुलिस, राजस्व और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा, स्वच्छता, जल सुरक्षा और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को नदी के गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाट पर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए। इसके साथ ही खतरे के निशान वाले स्पष्ट चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएं।

जल सुरक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष जायजा लेने के लिए अधिकारियों ने पीएसी की मोटरबोट पर सवार होकर कुआनो नदी के जलस्तर, धारा के प्रवाह और पानी की गहराई का निरीक्षण किया।

रात में रोशनी की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था

कांवड़ यात्रा के दौरान रात्रि में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अमहट घाट परिसर, प्रमुख संपर्क मार्गों, पार्किंग स्थलों और स्नान घाटों पर हाई-मास्ट लाइट एवं एलईडी फ्लड लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप जनरेटर की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।

सफाई और सैनिटाइजेशन पर विशेष जोर

घाट परिसर और कांवड़ मार्गों पर नियमित विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए। अधिकारियों ने जगह-जगह कूड़ेदान रखने, कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा कीटनाशक दवाओं के छिड़काव और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था करने को कहा।

पेयजल और मेडिकल सुविधा रहेगी उपलब्ध

कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पानी के टैंकर, वाटर बूथ और हैंडपंपों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 24 घंटे प्राथमिक चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।

महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था जल्द पूरी कराने को कहा गया है।

ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्लान

कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कांवड़ मार्गों पर रूट डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएसी बल, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की 24 घंटे घाट पर मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश अपर पुलिस अधीक्षक को दिए गए।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी, पीएसी के जवान और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button