बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

स्वच्छता अभियान के दूसरे दिन प्रभारी मंत्री एवं प्रभारी सचिव ने किया श्रमदान

गुलाब सर्कल से बस स्टैंड मार्ग तक चलाया सफाई अभियान, अतिक्रमण हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश* *प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बालोतरा बनाने का संकल्प*

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 28 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित बालोतरा आगमन एवं राजस्थान रिफाइनरी के शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों के तहत जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के दूसरे दिन रविवार को प्रभारी मंत्री श्री जोराराम कुमावत एवं प्रभारी सचिव श्री हरजीलाल अटल ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, रिफाइनरी प्रबंधन तथा स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छ और सुंदर बालोतरा के संकल्प को दोहराया।

पचपदरा के गुलाब सर्कल क्षेत्र में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री जोराराम कुमावत, प्रभारी सचिव श्री हरजीलाल अटल, जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव, पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी, राजस्थान रिफाइनरी के सीईओ श्री कमलाकर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भरत मोदी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की। सभी ने गुलाब सर्कल से बस स्टैंड मार्ग तक सफाई अभियान चलाते हुए आमजन से अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील की।

अभियान के दौरान प्रशासन ने सड़क मार्ग पर आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई भी की, जिससे यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाया जा सके। वहीं गुलाब सर्कल स्थित सेठ गुलाब चंद सालेचा की प्रतिमा की जल से स्वच्छ किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

प्रभारी मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि आगामी 4 जुलाई को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान रिफाइनरी का राष्ट्र को समर्पण करेंगे। यह परियोजना केवल बालोतरा ही नहीं बल्कि पूरे राजस्थान के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। रिफाइनरी के संचालन से नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता को देशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। विकसित भारत के निर्माण में स्वच्छ भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता को केवल अभियान नहीं बल्कि अपनी दैनिक आदत बनाना चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाए तो पूरा देश स्वच्छ और स्वस्थ बन सकता है।

प्रभारी सचिव श्री हरजीलाल अटल ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। आमजन यदि अपने व्यवहार में स्वच्छता को शामिल करें और कचरे का निस्तारण निर्धारित स्थानों पर करें तो शहरों और गांवों की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने कहा कि जिलेभर में चलाया जा रहा यह विशेष अभियान लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के स्वच्छ भारत के संकल्प से जुड़कर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का आग्रह किया।

पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर में स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी का विषय बनाया है। प्रधानमंत्री के बालोतरा आगमन पर जिलेवासियों का प्रयास है कि उन्हें स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बालोतरा की सौगात दी जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है तथा जनसहयोग से बालोतरा जिले को प्रदेश के स्वच्छ और सुंदर जिलों में शामिल किया जा सकता है।

स्वच्छता अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। जिले में आगामी दिनों में भी सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, बाजारों तथा सरकारी परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान जारी रहेगा, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व बालोतरा स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ एक नई पहचान स्थापित कर सके।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button