उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला न्यायालय बस्ती में योग शिविर आयोजित, न्यायाधीशों व कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के तत्वावधान में जनपद न्यायालय परिसर स्थित केंद्रीय सभागार में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश बस्ती श्री शमसुल हक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
योग शिविर में प्रशिक्षक श्री विजय कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण श्री बाबू राम, पीठासीन अधिकारी एमएसीटी श्री रिजवानुल हक, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष श्री राकेश कुमार शुक्ला सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक ने योग प्रशिक्षक श्री विजय कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती द्वारा जिला कारागार बस्ती, वृद्धाश्रम बनकटा तथा राजकीय बाल सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), पचपेड़िया मार्ग में भी योग शिविरों का आयोजन किया गया, जहां प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

Subscribe to my channel


