उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बस्ती में होगा भव्य योग महोत्सव, नागरिकों से शामिल होने की अपील

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बस्ती में होगा भव्य योग महोत्सव, नागरिकों से शामिल होने की अपील
बस्ती, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को मालवीय रोड स्थित श्री हरि मैरेज हॉल में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं इंडियन योग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आयोजित अभ्यास सत्र में पतंजलि योग समिति बस्ती के संरक्षक डॉ. प्रवेश कुमार एवं योगाचार्य गरुड़ ध्वज पाण्डेय ने साधकों को आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया। इस दौरान योग के विभिन्न आसनों और प्राणायामों के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई।
भारत स्वाभिमान समिति के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने जनपदवासियों, योग प्रेमियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से योग महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि “करें योग, रहें निरोग” के संकल्प के साथ आयोजित यह कार्यक्रम स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
योगाचार्य गरुड़ ध्वज पाण्डेय ने बताया कि ताड़ासन, वृक्षासन और पादहस्तासन जैसे आसन शरीर का संतुलन सुधारने और मांसपेशियों को मजबूत बनाने में सहायक हैं। वहीं कपालभाति, भ्रामरी, अनुलोम-विलोम और भस्त्रिका प्राणायाम मानसिक तनाव कम करने, फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने तथा शरीर में ऑक्सीजन स्तर सुधारने में मददगार हैं।
इंडियन योग एसोसिएशन के पूर्वी जोन अध्यक्ष डॉ. नवीन सिंह ने प्रतिभागियों से सुबह खाली पेट योगाभ्यास करने तथा अपने साथ योग मैट या चादर और पानी की बोतल लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है।
आयोजकों ने जनपदवासियों से 21 जून की सुबह समय से श्री हरि मैरेज हॉल पहुंचकर सामूहिक योग उत्सव का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।
अभ्यास सत्र में योग शिक्षक जवाहर लाल, हसनैन रिजवी, डॉ. वीरेन्द्र त्रिपाठी, नवल किशोर चौधरी, राम अचल चौरसिया, दीनानाथ शुक्ल, प्रमोद गुप्ता, रंजना त्रिपाठी, सुनीता राजपूत सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गरुण ध्वज पाण्डेय

Subscribe to my channel


