उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में मुहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 19 जून 2026। आगामी मुहर्रम पर्व के मद्देनजर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी समुदायों से मुहर्रम का त्योहार शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए तथा किसी भी विवादित स्थल पर ताजिया नहीं रखा जाएगा। साथ ही किसी नई परंपरा की शुरुआत करने की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक जुलूस की पूर्व सूचना संबंधित थाने को दी जाए। उन्होंने कहा कि डीजे का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को जुलूस में शामिल न किया जाए। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के शस्त्र प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्गों का निरीक्षण करने, ढीले बिजली के तारों को ठीक कराने तथा रास्तों में आने वाली पेड़ों की टहनियों की समय रहते छंटाई कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि मुहर्रम गमी का पर्व है और इसे पूरी शालीनता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ताजियों को निर्धारित समय पर ही कर्बला में दफन किया जाए तथा तय रूट का कड़ाई से पालन किया जाए। किसी भी गैर-पारंपरिक गतिविधि या विवादित स्थल पर ताजिया रखने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने और किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही पुलिस हेल्पलाइन 112, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चंद्र सोनकर ने भी सभी लोगों से भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुहर्रम मनाने की अपील की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, विभिन्न उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


