उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
बलरामपुर में एसएसबी 9वीं वाहिनी मुख्यालय पर दो दिवसीय योग शिविर का हुआ समापन

संवाददाता वेदान्त सिंह
बलरामपुर, 18 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के तहत एसएसबी 9वीं वाहिनी मुख्यालय, बलरामपुर में दो दिवसीय योग शिविर का समापन गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन एसएसबी 9वीं वाहिनी के कमांडेंट मनोरंजन कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।
यह योग शिविर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. संजय कुमार के निर्देशन में इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गनाइजेशन, इंडियन योगा एसोसिएशन, इंडियन योगा फेडरेशन, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉलिस्टिक हेल्थ तथा योग स्पोर्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
योग शिविर में योग गुरु एवं भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों और जवानों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम की शुरुआत यौगिक सूक्ष्म क्रियाओं से हुई, जिसमें ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन और जानू चालन का अभ्यास कराया गया।
इसके बाद ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन और अर्धचक्रासन जैसे खड़े होकर किए जाने वाले योगासनों का अभ्यास कराया गया। वहीं बैठकर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, पूर्ण उष्ट्रासन, शशांकासन और वक्रासन शामिल रहे। इसके अलावा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट मनोरंजन कुमार पाण्डेय ने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिकारियों और जवानों को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
योग शिविर में डिप्टी कमांडेंट हेमंत कुमार, डिप्टी कमांडेंट संजय प्रसाद, एसी मेडिसिन अरुण चौधरी, इंस्पेक्टर जीडी देवेन्द्र यादव, एएसआई जगदीश चन्द सहित लगभग 150 जवानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने के संकल्प के साथ किया गया।

Subscribe to my channel


