बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

मरुधरा महिला मंच के सात दिवसीय महिला सशक्तिकरण अभ्यास वर्ग का भव्य समापन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 18 जून। मरुधरा महिला मंच बालोतरा के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय महिला सशक्तिकरण अभ्यास वर्ग का समापन समारोह उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं ने शारीरिक, मानसिक एवं आत्मरक्षा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

समापन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माली समाज महिला मंडल की सचिव श्रीमती संतोष गहलोत ने की। वहीं प्रभा सिंघवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती रामेश्वरी, प्रांत जनसंवाद प्रमुख, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि रहीं।

इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया तथा अभ्यास वर्ग का वृत्त परिचय प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागी महिलाओं ने सामूहिक योगासन, सूर्य नमस्कार, नियुद्ध, जोड़े में योगाभ्यास तथा आत्मरक्षा के विभिन्न गुरों का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।

कार्यक्रम में शिक्षिकाओं द्वारा दंड एवं तलवार संचालन का आकर्षक प्रदर्शन भी किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा विभिन्न खेल गतिविधियों, अनुभव कथन तथा मारवाड़ी सामूहिक नृत्य ने समारोह को और अधिक जीवंत बना दिया।

समारोह के दौरान महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य एवं संकल्प पर प्रकाश डाला गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती संतोष गहलोत ने महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि प्रभा सिंघवी ने महिलाओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

मुख्य वक्ता श्रीमती रामेश्वरी ने अपने संबोधन में महिला शक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के विषयों पर प्रेरणादायी विचार रखे। उन्होंने कहा कि संगठित एवं जागरूक महिलाएं समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत आधारशिला होती हैं।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षिकाओं एवं महिला टोली का परिचय कराया गया तथा सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समापन समारोह ने महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button