उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बस्ती में तैयारियां तेज, ग्राम पंचायतों को दिए गए आवश्यक निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 18 जून 2026। आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने गुरुवार को जनपद के प्रशासकों, ग्राम पंचायत सचिवों तथा सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को जूम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को शासन के निर्देशों से अवगत कराते हुए योग दिवस कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने की अपील की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 20 जून को सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय, अन्य सरकारी भवनों, पार्कों एवं अमृत सरोवरों के आसपास वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इस अभियान में अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि 21 जून को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
जनसहभागिता बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। कचरा संग्रहण वाहनों पर लाउडस्पीकर लगाकर योग दिवस के प्रति लोगों को जागरूक करने, बैनर लगाने तथा कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में योग दिवस का आयोजन उत्कृष्ट एवं आकर्षक ढंग से किया जाएगा, वहां के ग्राम प्रधान एवं सचिवों को जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे टीबी संक्रमित मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
जिला प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों से योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

Subscribe to my channel


