उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बस्ती में भव्य तैयारियां, 21 जून को स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। जनपद बस्ती में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग) थीम पर मुख्य जनपदीय कार्यक्रम अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, कलेक्ट्रेट के पास आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नागेन्द्र कुमार ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6 बजे होगा, जबकि प्रतिभागियों को सुबह 5:45 बजे तक स्थल पर पहुंचने का अनुरोध किया गया है। योग गुरुओं के निर्देशन में प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन तथा ध्यान सत्र का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से आरामदायक सूती एवं हल्के रंग के वस्त्र पहनकर आने तथा अपने साथ योग मैट या दरी लाने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और इसके नियमित अभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक योग कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। प्रशासन ने इसे जनपद के सबसे बड़े स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों में से एक बताते हुए सभी नागरिकों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
“चलो चलें स्टेडियम… चलो करें योग” के संदेश के साथ जिला प्रशासन ने बस्तीवासियों से योग दिवस को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Subscribe to my channel


