LIVE TVअपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
सोते मजदूरों के मोबाइल उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 8 मोबाइल और चोरी की बाइक सहित भिवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी।
औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में रात के अंधेरे में मजदूरों की जेबें साफ करने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। भिवाड़ी फेज-3 थाना पुलिस ने पार्श्वनाथ मॉल के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी मिथुन (28) को चोरी के 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल सहित दबोच लिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक लेकर घूम रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को रोककर पूछताछ की। आरोपी बाइक के कागजात नहीं दिखा सका। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली।
तलाशी के दौरान आरोपी की जेबों से 8 मोबाइल फोन बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने खुलासा किया कि उसने सांथलका क्षेत्र में रात के समय सो रहे मजदूरों के मोबाइल चोरी किए थे। आरोपी ने चोरी की बाइक को भी अपने कब्जे में रखना स्वीकार किया।
पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और सभी मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों और संभावित साथियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई को भिवाड़ी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यवाही माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Subscribe to my channel


