उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
डीआईजी संजीव त्यागी ने जन चौपाल में दिया संदेश— अपराध मुक्त समाज के लिए पुलिस और जनता का साथ जरूरी
सिमरन लॉज में आयोजित कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम में नागरिकों, महिलाओं और व्यापारियों से किया सीधा संवाद, साइबर अपराध व नशा उन्मूलन पर दिया विशेष जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती (वेदांत टाइम्स/बस्ती टाइम्स 24)। एडीजी गोरखपुर जोन के निर्देश पर सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित सिमरन लॉज में “कम्युनिटी-पुलिसिंग जन चौपाल” का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जन चौपाल के दौरान डीआईजी ने कहा कि अपराध मुक्त समाज की स्थापना तभी संभव है जब पुलिस और जनता मिलकर कार्य करें तथा एक-दूसरे के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना बनाए रखें।
कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने मंच से अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें डीआईजी ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर सीओ सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
डीआईजी संजीव त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसी चुनौतियां तेजी से बढ़ रही हैं। इनसे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने सीपीयू प्रभारी को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर आमजन, विशेष रूप से वृद्धजनों एवं दिव्यांग व्यक्तियों से संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा मिशन शक्ति अभियान एवं बहू-बेटी सम्मेलनों में सक्रिय सहयोग प्रदान किया जाए।
डीआईजी ने यह भी कहा कि स्वच्छ छवि वाले सामाजिक संगठनों और एनजीओ के कार्यक्रमों में पुलिस का सहयोग बना रहना चाहिए तथा संवेदनशील मामलों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
जन चौपाल में सीओ सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित पुलिस बल के जवानों के साथ पंडित सरोज मिश्रा, गोपेश्वर त्रिपाठी, जगदीश अग्रहरि, सरदार जगबीर सिंह, जयंत मिश्रा, राजेश चित्रगुप्त, प्रभु प्रीत सिंह, राकी सोनी, शानू रिजवी, डॉ. नवीन सिंह, गरुड़ जी, रोली सिंह, संध्या दीक्षित, रेखा गुप्ता, वीना श्रीवास्तव, कालिंदी, शीला पाठक, संध्या श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल का हॉल खचाखच भरा रहा और उपस्थित लोगों ने अधिकारियों की बातों को पूरे ध्यान से सुना।

Subscribe to my channel


