लखीमपुर खीरी, 11 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों से कुल 31 वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी के निर्देश पर सभी क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर न्यायालय से जारी वारंटों और लंबित मुकदमों से संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, विद्युत अधिनियम, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, मारपीट, चोरी और अन्य मामलों के आरोपी शामिल हैं।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में थाना मैलानी से 9, थाना मैगलगंज से 6, थाना मितौली से 6, थाना मझगई से 3, थाना पसगवां से 2, थाना धौरहरा से 2 तथा थाना खीरी, तिकुनिया और मोहम्मदी से 1-1 वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लखीमपुर खीरी पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। :::