बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
मेडिवासन में हमले, तोड़फोड़ व महिलाओं से अभद्रता का मामला, पीड़ित परिवार ने जिला कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 2 जून। ग्राम मेडिवासन, तहसील पाटोदी निवासी इकबाल खा पुत्र मोहम्मदखां ने जिला कलेक्टर बालोतरा को ज्ञापन सौंपकर पुलिस थाना पचपदरा में दर्ज सी.आर. नम्बर 120/2026 की निष्पक्ष जांच करवाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 24 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे कई वाहनों में सवार होकर आए 35 से 40 लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से उनके घर पर हमला किया। पीड़ित के अनुसार हमलावर हथियारों से लैस थे और उन्होंने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। साथ ही महिलाओं एवं नाबालिग बालिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार तथा लज्जाभंग जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने जेसीबी मशीन की सहायता से उसके आवासीय मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा पीने के पानी के टांके और घर में रखे घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे घर से बाहर फेंक दिया और परिवार की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया।
घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल पर छोड़ी गई बस और जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। मामले में पुलिस थाना पचपदरा में सी.आर. नम्बर 120/2026 दर्ज कर जांच की जा रही है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से परिवार भय और मानसिक तनाव की स्थिति में है। परिवार के सदस्यों ने सुरक्षा प्रदान करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
ज्ञापन में जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने, हुए नुकसान का आकलन करवाने तथा न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया गया है।

Subscribe to my channel


