जोधपुरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
खारिया और आनावास गांव के ग्रामीणों ने रोडवेज बस सेवा शुरू करने की उठाई मांग

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जोधपुर/बिलाड़ा, 26 मई 2026।
जोधपुर जिले के खारिया एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने राजस्थान रोडवेज निगम से लंबे समय से बंद पड़ी बस सेवा को पुनः शुरू करने की मांग की है। समाजसेवी सफरूखान खारिया के नेतृत्व में ग्रामीणों की ओर से मुख्य प्रबंधक, राजस्थान रोडवेज निगम जोधपुर को ज्ञापन भेजकर जोधपुर–बिलाड़ा और जोधपुर–मेड़ता रूट की बसों को खारिया गांव होते हुए संचालित करने की अपील की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के लगभग 80 वर्ष बाद भी गांव के लोगों को आवागमन के लिए पर्याप्त सरकारी परिवहन सुविधा नहीं मिल पा रही है। जबकि करीब 20 वर्ष पहले तक इस मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन होता था। वर्तमान में सड़कें पक्की और डामरयुक्त होने के बावजूद बस सेवा बंद है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि खारिया ग्राम पंचायत मुख्यालय होने के साथ-साथ यहां राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भी संचालित है। ग्रामीणों को कृषि कार्य, व्यापार, सरकारी सेवा, चिकित्सा जांच तथा राजस्व और न्यायालय संबंधी कार्यों के लिए पीपाड़, जोधपुर, बिलाड़ा और मेड़ता नियमित रूप से आना-जाना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परिवहन सुविधा के अभाव में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि आनावास गांव रुणकिया ग्राम पंचायत का हिस्सा है और खारिया से जुड़ने वाली सड़क पूरी तरह डामरयुक्त है। इसी प्रकार चिरडाणी से खारिया और लटियाली स्टॉप तक भी सड़क सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में मात्र कुछ किलोमीटर का रूट जोड़कर दो गांवों को रोडवेज सेवा से जोड़ा जा सकता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रतिदिन कम से कम दो बसें आने और दो बसें जाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही सुबह 7 से 9 बजे के बीच जोधपुर और पीपाड़ जाने वाली बसें तथा शाम 4 से 8 बजे के बीच लौटने वाली बसों का संचालन किया जाए ताकि आमजन को अधिक सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत और क्षेत्रवासियों द्वारा पहले भी कई बार प्रशासन और रोडवेज विभाग को इस संबंध में ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
Subscribe to my channel


