बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जल ही जीवन है: बालोतरा में निकली जागरूकता रैली, शहरवासियों को दिया जल संरक्षण का संदेश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 16 मई 2026।
राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के चतुर्थ चरण के अंतर्गत बालोतरा शहर में आमजन की सुविधा हेतु जल प्रदाय तंत्र से संबंधित विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में परियोजना के तहत सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन भी लगातार किया जा रहा है।
आरयूआईडीपी परियोजना के अधीक्षण अभियंता श्री अशोक कुमार जैन के मार्गदर्शन में सामुदायिक विकास विशेषज्ञ श्रीमती गायत्री गर्ग द्वारा मौलाना अब्दुल कलाम आजाद उच्च माध्यमिक विद्यालय, नाहटा हॉस्पिटल के सामने, बालोतरा में स्कूली बच्चों के साथ जल संरक्षण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को स्कूल कमेटी अध्यक्ष जनाब हाजी मोहम्मद तय्यब, प्रधानाचार्य हस्ताराम पांचल तथा सामाजिक विकास विशेषज्ञ श्रीमती गायत्री गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के हाथों में “जल है तो कल है”, “पानी बचाओ, जीवन बचाओ” जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां थीं, जिनके माध्यम से पूरे क्षेत्र में जल संरक्षण का संदेश गूंज उठा।
यह जागरूकता रैली हरिजन बस्ती, नेहरू कॉलोनी और नाहटा हॉस्पिटल मार्ग से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने आमजन को पानी की महत्ता समझाते हुए जल बचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्कूल कमेटी अध्यक्ष हाजी मोहम्मद तय्यब, प्रधानाध्यापक हस्ताराम पांचल, देमाराम सर, रतनलाल एवं विद्यालय स्टाफ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संवेदक फर्म जीसीकेसी के प्रतिनिधि महेन्द्र कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में जल संकट सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। यदि आज से ही जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पानी की बर्बादी रोकने के साथ-साथ वर्षा जल संचयन को भी हर घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

Subscribe to my channel


