बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा: जलभराव की समस्या को लेकर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। शहर के बाड़मेर कैलेंडर से डागा हॉस्पिटल जाने वाली मुख्य सड़क पर लंबे समय से हो रहे जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों का धैर्य जवाब दे गया है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गंदे पानी की निकासी का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो वे कलेक्टर कार्यालय के समक्ष धरना देने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन के अनुसार, बाड़मेर कैलेंडर रोड पर बनी नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है बल्कि यह पानी लोगों के घरों की नींव और टांकों (जल कुंडों) में भी घुस रहा है।
इससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
विकास कार्य में ‘राजनीतिक’ बाधा का आरोप
वार्डवासियों ने बताया कि:
नगर परिषद आयुक्त को 50 से अधिक बार मौका मुआयना करवाया जा चुका है।
समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद ने एक ‘क्रॉस नाली’ का निर्माण शुरू किया था, ताकि पानी को डायवर्ट किया जा सके।
आरोप है कि कुछ लोगों ने राजनीतिक द्वेष और जातिवाद का माहौल बनाकर इस कार्य को जबरन रुकवा दिया।
जेसीबी के आगे खड़े होकर कार्य रुकवाने से समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे स्थानीय भाईचारे पर भी असर पड़ रहा है।
इन इलाकों के लोग हैं प्रभावित
इस जलभराव से डागा हॉस्पिटल रोड, हीरा पन्ना कॉलोनी, गणेश कॉलोनी, घांची समाज गायत्री चौक, माहेश्वरी कॉलोनी और देवासी समाज कॉलोनी के निवासी बुरी तरह प्रभावित हैं। लोगों का कहना है कि पूर्व में रेलवे लाइन के नीचे से निकासी होती थी, लेकिन ओवरब्रिज (ROB) बनने के बाद सड़क ऊंची हो गई और निकासी पूरी तरह बंद हो गई।
“हम नगर परिषद और प्रशासन से शांतिपूर्वक आग्रह कर रहे हैं,
लेकिन अगर हमारी जायज मांग को अनदेखा किया गया और गंदे पानी की निकासी नहीं कराई गई, तो हमारे पास आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।”
— क्षेत्र के आक्रोशित नागरिक
ज्ञापन पर पार्षद और क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य नागरिकों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर क्या ठोस कदम उठाता है।

Subscribe to my channel

