बालोतरा, 3 मई। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने रविवार को जनगणना-2027 के तहत शुरू हुए स्व-गणना चरण में स्वयं भाग लेते हुए अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण की। इस अवसर पर उन्होंने जिले के नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।
जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना पूर्ण की। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे 1 से 15 मई 2026 के बीच अधिकतम संख्या में स्व-गणना कर इस प्रक्रिया को सफल बनाएं।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना से संबंधित है, जिसमें नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। स्व-गणना प्रक्रिया में मात्र 5 से 10 मिनट का समय लगता है और सफल सबमिशन के बाद नागरिकों को एक विशिष्ट एसई आईडी प्राप्त होती है, जिसे प्रगणक को दिखाना आवश्यक होगा।
जिला कलक्टर श्री यादव ने बताया कि स्व-गणना के लिए आमजन को निर्धारित 9 चरणों का पालन करना होगा, जिसमें पोर्टल लॉगिन, परिवार पंजीकरण, ओटीपी सत्यापन, स्थान विवरण, मानचित्र पर घर का चिन्हांकन, प्रश्नावली भरना, डेटा समीक्षा, अंतिम सबमिशन और प्रगणक द्वारा सत्यापन शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 पूर्णतः डिजिटल प्रक्रिया है, जिससे डेटा संग्रहण अधिक सटीक, पारदर्शी और तेज होगा। यह पहल “विकसित भारत@2047” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अंत में उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कर इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।