ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भारत विकास परिषद भिवाड़ी ने कार्यकर्ताओं व प्रकल्प संयोजकों का किया सम्मान, जताया आभार

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी। भारत विकास परिषद शाखा भिवाड़ी द्वारा सत्र 2025-26 के सफल संचालन पर कार्यकर्ताओं एवं प्रकल्प संयोजकों का सम्मान समारोह आयोजित कर सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों ने पूरे वर्ष किए गए सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा कार्यों की जानकारी साझा की।

शाखा के सचिव अनिल सिंघल ने बताया कि सत्र 2025-26 में अध्यक्ष अमित नाहटा जैन के नेतृत्व में परिषद के पांच सूत्रों को ध्यान में रखते हुए कुल 32 कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई थी। पूरे वर्ष के कार्य कैलेंडर के अनुसार टीम बनाकर विभिन्न योजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत भिवाड़ी क्षेत्र में 10 हजार कपड़े के थैलों का वितरण किया गया तथा 5 हजार से अधिक पौधारोपण किया गया। स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत 2240 महिलाओं की एनीमिया जांच कराई गई और तीन अन्य स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए गए।

सेवा कार्यों के तहत जरूरतमंदों को गर्म कंबलों का वितरण, जल सेवा व्यवस्था, ट्राई साइकिल वितरण, गौशाला में गायों के लिए शेड निर्माण, रक्तदान शिविर तथा नाहटा फाउंडेशन के सहयोग से 11 कन्याओं के विवाह जैसे कई सराहनीय कार्य किए गए।

बच्चों और युवाओं में संस्कार जागरण हेतु गीता व्याख्यान, महापुरुषों की जयंती, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन, भारत को जानो प्रतियोगिता और गौशाला सहायता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस सत्र में भिवाड़ी शाखा ने पहली बार राष्ट्रीय समूहगान कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर भिवाड़ी का नाम रोशन किया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष अमित नाहटा जैन, सचिव अनिल सिंघल एवं कोषाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल ने मुख्य संयोजकों योगेश जैन, मुकेश गोयल, सुनीता यादव, नीरज झलानी और मीनाक्षी सोनी सहित सभी प्रकल्प संयोजकों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।

साथ ही नई कार्यकारिणी सत्र 2026-27 के अध्यक्ष विमल पंडित, सचिव मुकेश गोयल, कोषाध्यक्ष हर्ष महेश्वरी एवं उनकी टीम को शुभकामनाएं दी गईं।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button