बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बालोतरा में फर्जी पट्टा प्रकरण को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष पर गंभीर आरोप, पूर्व पार्षद ने की कार्रवाई की मांग

 

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, राजस्थान। बालोतरा नगर परिषद के पूर्व पार्षद ने भारतीय जनता पार्टी बालोतरा के जिला उपाध्यक्ष अमराराम सुंदेशा पर जाली एवं फर्जी पट्टा बनवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले से भाजपा की छवि धूमिल हो रही है और पार्टी नेतृत्व को तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए।

पूर्व पार्षद ने आरोप लगाया कि अमराराम सुंदेशा ने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए फर्जी पट्टा तैयार कराया, जबकि आम लोग वर्षों से वैध पट्टों के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति भ्रष्टाचार मुक्त शासन की है, लेकिन यदि पार्टी पदाधिकारी ही ऐसे मामलों में लिप्त पाए जाते हैं तो जनता में गलत संदेश जाता है।

उन्होंने नगर परिषद बालोतरा के आयुक्त रामकिशोर मेहता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सूचना के अधिकार और आवेदन के माध्यम से मांगी गई पट्टे से संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराई गई। अलग-अलग सूचनाएं देने से पूरे मामले में संदेह और गहरा हो गया है।

पूर्व पार्षद का दावा है कि संबंधित पट्टा क्रमांक 2891, दिनांक 10 अप्रैल 2024 को जारी दिखाया गया है, जबकि उस दिन झूलेलाल जयंती के कारण अवकाश था। साथ ही नगर परिषद के डिस्पैच रजिस्टर में इसकी कोई एंट्री नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि पट्टे पर किए गए हस्ताक्षर भी फर्जी हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित भूमि कृषि भूमि है, जिसे बिना कन्वर्जन के पट्टा जारी किया गया। साथ ही नगर परिषद में जमा होने वाली राशि 84,956 रुपये की कोई वैध रसीद भी उपलब्ध नहीं है।

पूर्व पार्षद ने आरोप लगाया कि इस तरह के सैकड़ों जाली पट्टों के माध्यम से सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व, मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और जालसाजी के खिलाफ उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button