बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा नगर परिषद में सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, ठेकेदार और अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार कोठारी ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद द्वारा सफाई का ठेका प्राइवेट कंपनी गोदारा एंड कंपनी को दिया गया है, जिसके पास 23 वार्डों की जिम्मेदारी है, लेकिन अधिकांश वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि कई वार्डों में महीने में एक बार भी सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचते हैं। नालियों की सफाई के लिए भी कर्मचारी नजर नहीं आते, जिससे जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जब ठेकेदार से शिकायत की जाती है, तब कुछ समय के लिए हल्की सफाई कर दी जाती है और फिर स्थिति जस की तस हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई शाखा के अधिकारी भी इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। आरोप है कि ठेकेदार हर महीने बिल बनाकर भुगतान उठा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
सुरेश कुमार कोठारी ने कहा कि सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई पर जोर दे रही है, लेकिन स्थानीय अधिकारी इस दिशा में ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने वालों के नंबर तक ब्लॉक लिस्ट में डाल दिए जाते हैं, ताकि लोग अपनी समस्या दर्ज न करा सकें।
उन्होंने मांग की है कि सफाई व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई हो तथा वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। नगरवासियों ने भी प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

Subscribe to my channel


