बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा शहर के ROB अंडरपास पर टिन शेड निर्माण कार्य शुरू, बारिश में जलभराव से मिलेगी राहत

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। शहर के रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के दोनों अंडरपास पर लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के समाधान के लिए अब टिन शेड निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन राज चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि ROB के साथ बनाए गए दोनों अंडरपास पर टिन शेड नहीं होने के कारण हर बारिश में ये पानी से भर जाते थे, जिससे लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था।
उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने पहल करते हुए करीब 4-5 महीने पहले दोनों अंडरपास पर टिन शेड लगाने और पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था के लिए लगभग 1.80 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई थी।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। फिलहाल गार्डर और केंचियों के निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, जिसके बाद जल्द ही टिन शेड लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद आने वाले बारिश के मौसम में अंडरपास में पानी भरने की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात सुचारू रूप से चलता रहेगा। इससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य के लिए विधायक डॉ. अरुण चौधरी का आभार जताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही यह कार्य पूर्ण होकर आमजन को सुविधा प्रदान करेगा।

Subscribe to my channel


