जोधपुरदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जोधपुर में जाजम मुहूर्त महोत्सव, चल जैन मंदिर की प्रतिष्ठा 3 मई को

 

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

जोधपुर, 23 अप्रैल 2026।

पाल रोड स्थित आदिनाथ नगर में निर्माणाधीन चल जैन मंदिर को लेकर गुरुवार को भैरूबाग जैन तीर्थ में जाजम मुहूर्त महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेते हुए विभिन्न चढ़ावों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

जैनाचार्य जयानंद सूरीश्वर के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में गणिवर्य जयकिर्तिविजय एवं साध्वी भग्यपूर्णा श्री सहित अनेक संतों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत 5 कन्याओं द्वारा विधि-विधान से जाजम मुहूर्त के साथ हुई, जिसमें प्रभुजी और गुरुदेव का नगर प्रवेश भी संपन्न हुआ।

जैन संघ के दिलीप जैन, धनराज विनायकिया और नरेश जैन ने बताया कि आदिनाथ नगर में बन रहा यह चल जैन मंदिर आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को दर्शन, पूजन और वंदन का नियमित अवसर प्रदान करेगा। मंदिर निर्माण के पीछे मुंबई के प्रेरणास्रोत भाईश्री सहित कई श्रावक-श्राविकाओं का योगदान है।

महोत्सव के दौरान कुम्भ स्थापना, दीपक स्थापना, ज्वारारोपण, नंदावर्त पूजन, नवग्रह पूजन, अष्टमंगल, दश दिकपाल, सत्तर भेदी पूजन सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठानों के चढ़ावे श्रद्धालुओं द्वारा लिए गए। विभिन्न परिवारों ने इन धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन महावीर बांठिया ने किया, जबकि धीरज रांका ने संगीतमय प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर भैरूबाग तीर्थ ट्रस्ट मंडल सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

गणिवर्य जयकिर्तिविजय ने अपने संबोधन में कहा कि परमात्मा के दर्शन, पूजन और वंदन से ही सच्चे पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि आगामी 3 मई को आदिनाथ, पार्श्वनाथ और वासुपूज्य स्वामी सहित अन्य प्राचीन प्रतिमाओं की चल प्रतिष्ठा की जाएगी, जिससे आदिनाथ नगर सहित आसपास के कई क्षेत्रों के श्रद्धालु लाभान्वित होंगे।

अंत में गौतम सिंघवी, पंकज सिंघवी और हिरण विनायकिया ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button