बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

दलित समाज की बुजुर्ग महिला ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

बीकानेर। दलित समाज की बुजुर्ग महिला एवं नगर निगम की सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी मोहनी देवी पत्नी स्वर्गीय ग्यारसा राम ने गंगाशहर थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 190/2026 के अनुसंधान को लेकर पुलिस अधीक्षक बीकानेर से न्याय की गुहार लगाई है। भीनासर निवासी मोहनी देवी ने अपने परिवाद में जांच अधिकारी बदलकर मामले का अनुसंधान किसी अन्य उच्चाधिकारी से करवाने तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और उन पर राजीनामे के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

परिवादिया के अनुसार, उनकी पूर्व पहचान के चलते अनिल कुमार सैन ने बैंक से ऋण दिलवाने का भरोसा दिलाया था। आरोप है कि इसी दौरान उनके बैंक खाते की पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड ले लिए गए तथा उनके नाम पर विभिन्न बैंकों से ऋण करवाकर राशि का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके एसबीआई खाते से यूपीआई के माध्यम से उनकी जानकारी के बिना राशि अन्य खाते में स्थानांतरित की जाती रही।

चेक के दुरुपयोग और आभूषण नहीं लौटाने का आरोप

मोहनी देवी ने परिवाद में आरोप लगाया कि उनकी चेकबुक का दुरुपयोग कर 10 लाख और 8 लाख रुपये के चेक से संबंधित मामले न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने आरोपित पक्ष से कोई उधार राशि नहीं ली थी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अपने और अपनी दोनों पुत्रवधुओं के सोने-चांदी के आभूषण सुरक्षित रखने के लिए अनिल कुमार सैन को सौंपने तथा मांगने पर वापस नहीं लौटाने का भी आरोप लगाया है।

जांच अधिकारी बदलने की मांग

परिवादिया के अनुसार, गंगाशहर थाने में 18 जुलाई 2026 को एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर अपेक्षित जांच नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें वर्तमान अनुसंधान अधिकारी से न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है।

मोहनी देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए परिवाद में एफआईआर संख्या 190/2026 का अनुसंधान किसी अन्य उच्चाधिकारी को सौंपने, मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और कानून के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button