बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
नई दिल्ली में भव्य जैन दीक्षा समारोह: पलक सुराणा बनीं साध्वी प्रशस्ति श्री जी महाराज

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
राजधानी नई दिल्ली में जैन समाज के लिए एक अत्यंत हर्ष और आध्यात्मिक महत्व का क्षण देखने को मिला, जब मुमुक्षु सुश्री पलक सुराणा ने जैन भागवती दीक्षा अंगीकार कर नव दीक्षित साध्वी प्रशस्ति श्री जी महाराज साहब के रूप में नया जीवन प्रारंभ किया।
सुश्रावक धर्मेश चोपड़ा के अनुसार, यह भव्य दीक्षा समारोह एस.एस. जैन महासभा, अशोक विहार के तत्वावधान में आयोजित किया गया। 22 अप्रैल को मुमुक्षु पलक सुराणा की भव्य शोभायात्रा एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें दिल्ली के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों और जैन समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय श्री जैन रत्न हितेषी श्रावक संघ के प्रमुख सदस्य—मोफत राज मुणोत, जस्टिस प्रकाश टाटिया, अध्यक्ष आनंद चोपड़ा, महामंत्री सुभाष गुंदेचा एवं युवा अध्यक्ष विवेक लोड़ा सहित कई पदाधिकारियों ने मुमुक्षु का अभिनंदन करते हुए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
23 अप्रैल को आयोजित मुख्य दीक्षा समारोह में रत्न संघ के अष्टम पट्टधर आचार्य भगवंत श्री हीराचंद जी महाराज एवं भावी आचार्य श्री महेंद्र मुनि जी महाराज साहब की अनुज्ञा तथा साध्वी प्रमुखा श्री तेजकंवर जी के मंगल आशीर्वाद से व्याख्यात्री साध्वी श्री भाग्य प्रभा जी ने मुमुक्षु पलक सुराणा को विधिवत जैन भागवती दीक्षा प्रदान कराई।
इस पावन अवसर पर परिवारजन—श्रीमती पुष्पा देवी, देवेंद्र राज जी, पिता राजेश सुराणा, माता त्रिशला देवी सहित संपूर्ण सुराणा परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही ननिहाल पक्ष से मीठालाल मधुर, जितेंद्र कुमार, गौतमचंद एवं अन्य परिजनों ने भी अपनी सहमति एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
दीक्षा समारोह के सभी कार्यक्रमों में देशभर से सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं नई दिल्ली संघ के अनेक सदस्यों ने भाग लेकर इस आध्यात्मिक आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया।

Subscribe to my channel


