बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बालोतरा-बाड़मेर में रेल सेवाओं के विस्तार की मांग तेज, संयोजक ओम प्रकाश बांठिया ने प्रधानमंत्री से किया अनुरोध

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा/बाड़मेर:

बालोतरा जन चेतना समिति के संयोजक ओम प्रकाश बांठिया ने भारत सरकार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बाड़मेर-बालोतरा जिले में रेल सेवाओं के विस्तार की मांग की है। उन्होंने पचपदरा में रिफाइनरी के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हुए इस क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता पर जोर दिया।

बांठिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के करकमलों से पचपदरा में रिफाइनरी का उद्घाटन होना न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के विकास, रोजगार और आर्थिक समृद्धि के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी तक रेल सेवा विस्तार की प्रस्तावित योजना प्रगति पर है, लेकिन क्षेत्र की अन्य लंबित रेल मांगों पर भी ध्यान देना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि बाड़मेर-बालोतरा सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही, बालोतरा-जसोल का टेक्सटाइल उद्योग, नाकोड़ा तीर्थ, जसोल स्थित रानी भटियानी मंदिर और आसोतरा ब्रह्मा मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल हर माह हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं।

बांठिया ने यह भी बताया कि बाड़मेर-बालोतरा क्षेत्र के हजारों प्रवासी व्यापारी देश के विभिन्न शहरों—अहमदाबाद, सूरत, गांधीधाम, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, चेन्नई आदि में व्यापार और रोजगार से जुड़े हुए हैं, जिनका नियमित आवागमन बना रहता है। ऐसे में मजबूत रेल कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सात वर्ष पूर्व बालोतरा-बाड़मेर से मुंबई के लिए नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा को जल्द लागू किया जाए। वर्तमान में सप्ताह में केवल दो दिन विशेष किराए पर चल रही बांद्रा-बाड़मेर ट्रेन आम लोगों के लिए पर्याप्त नहीं है।

इसके साथ ही उन्होंने बाड़मेर से अहमदाबाद के लिए नियमित रेल सेवा शुरू करने और यशवंतपुर एक्सप्रेस का सप्ताह में 2-3 दिन विस्तार करने की भी मांग की।

अंत में बांठिया ने कहा कि बाड़मेर-बालोतरा जिले के निवासियों और प्रवासी नागरिकों की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार को शीघ्र रेल सेवाओं का विस्तार करना चाहिए, ताकि क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button