देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, संविधान के प्रति निष्ठा का लिया संकल्प

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर नगर परिषद परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर महावीर इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीर ओम बांठिया सहित कई गणमान्य नागरिकों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीर ओम बांठिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवन में शोषित एवं पीड़ित वर्ग के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज न उठाना भी कायरता के समान है। उन्होंने लोगों से शिक्षित और संगठित होकर मानवता के कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्र धर्म हमारा सर्वोपरि धर्म है और हमें देश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। डॉ. अंबेडकर के अथक प्रयासों से निर्मित भारतीय संविधान को विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान बताते हुए उन्होंने सभी से संविधान की मर्यादाओं का पालन करने और उससे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल, रोटरी क्लब सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel


