उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज, प्रदेश के टॉप-5 जिलों में शामिल

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 14 अप्रैल 2026 (सूचना विभाग): भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश में संचालित एग्रीस्टैक (डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) के अंतर्गत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए 6 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में जनपद बस्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछले चार दिनों से प्रदेश के टॉप-5 जिलों में अपनी जगह बनाई है।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि अभियान की नियमित समीक्षा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में की जा रही है। इसमें जिला विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी (जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। साथ ही प्रत्येक विकास खंड स्तर पर नोडल अधिकारी नामित कर अभियान को गति दी गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 3,65,039 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है, जिससे बस्ती प्रदेश में 34वें स्थान पर पहुंच गया है। समीक्षा के दौरान खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के अप्रैल माह तक वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। अधिकारी स्वयं गांवों में पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। लापरवाही या अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराएं। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की योजनाओं, बीज, उर्वरक, कीटनाशक एवं कृषि यंत्रों पर अनुदान, फसल बीमा और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है।
ऐसे कराएं फार्मर रजिस्ट्री
किसान अपने आधार कार्ड, खतौनी की छायाप्रति और आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी विशेष कैंप में पहुंचकर कृषि, राजस्व या पंचायत विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जन सेवा केंद्र या मोबाइल/सहायक ऐप के माध्यम से भी स्वयं पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।

Subscribe to my channel


